कम प्रगति वाले इंडिकेटरों में तेजी लाएं, किसानों को रबी फसलों के लिए करें जागरूक : देवेंद्र पांडेय
आकांक्षी ब्लॉक मांडा में नोडल अधिकारी ने की समीक्षा, विभिन्न विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
प्रयागराज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आकांक्षी ब्लॉक मांडा में कम प्रगति वाले इंडिकेटरों में सुधार के साथ विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। किसानों को रबी फसलों की बुवाई के लिए प्रेरित करने के साथ दलहनी और तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। यह निर्देश विशेष सचिव, कंज्यूमर अफेयर एवं शासन के नोडल अधिकारी देवेंद्र पांडेय ने मंगलवार को आकांक्षी ब्लॉक मांडा में विभिन्न विभागों के इंडिकेटरों की समीक्षा के दौरान दिए।
नोडल अधिकारी ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कम प्रगति वाले इंडिकेटरों की समीक्षा की। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रगति में सुधार लाने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद देवेंद्र पांडेय ने मांडा के ग्राम बभनी, एथर और राजापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, प्राथमिक विद्यालय, पानी की टंकी, भारतनेट वायर सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने ऑनलाइन सेवा प्रणाली के माध्यम से मिनीकिट के लिए बुकिंग पूरी कर चुके किसानों को कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क सरसों मिनीकिट भी वितरित किए। उन्होंने किसानों से रबी सीजन में उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न प्रकार के बीजों का लाभ उठाने और रबी फसलों की बुवाई में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। साथ ही दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक किया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी मांडा, अपर जिला कृषि अधिकारी प्रयागराज विकास मिश्रा, सीएम फेलोशिप टीम के सदस्य, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल