मेहनत से आगामी परीक्षाओं में भी स्थान बनाने का लक्ष्य रखें विद्यार्थी : डॉ. राकेश कुमार सिंह
ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर में मेधावी सम्मान समारोह आयोजित
प्रयागराज, 15 सितंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। इसके लिए नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और कठिन परिश्रम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। यह बात ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने मेधावी सम्मान समारोह में कही।
विद्यालय में द्वितीय द्विमासिक परीक्षा में प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों के उत्साहवर्धन के लिए समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह सम्मान समारोह सभी के लिए प्रेरणा का अवसर है। विद्यार्थियों को भी अपने परिश्रम से आगामी परीक्षाओं में स्थान बनाकर सम्मानित होने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए पढ़ाई में निरंतरता जरूरी है। समय का सही उपयोग और मेहनत ही विद्यार्थी को उसके लक्ष्य तक पहुंचाती है। इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण और बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल