परिश्रम करते रहें, विद्यालय और देश का नाम ऊंचा करें : डॉ. राकेश सिंह
भारत जानो’ प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
प्रयागराज, 12 सितंबर (हि.स.)। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में शनिवार को ‘भारत जानो’ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे इसी तरह निरंतर परिश्रम करते रहें और अपने विद्यालय के साथ देश का नाम भी ऊंचा करें।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रातः वंदना के बाद आयोजित सम्मान समारोह में कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और उपलब्धियों से परिचित कराना था। इसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कनिष्ठ वर्ग में बहन हितिशा चावला ने प्रथम, भैया श्रेयांश द्विवेदी ने द्वितीय और भैया स्वतंत्र कुमार दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में भैया विनायक प्रथम रहे। भैया रवि शंकर तिवारी और भैया युवराज गुप्ता ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि भैया शिवांश त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहे।
प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी ज्ञान अर्जित करने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल