इलाहाबाद विश्वविद्यालय में जूनियर रिसर्च असिस्टेंट पद के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
अब 25 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, सीएसटी-यूपी परियोजना के तहत संविदा पर होगी नियुक्ति
प्रयागराज, 15 सितंबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश (सीएसटी-यूपी) की परियोजना के तहत जूनियर रिसर्च असिस्टेंट पद पर आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित नहीं थी/पूर्व निर्धारित तिथि के स्थान पर अब 25 सितंबर तक अवसर दिया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह नियुक्ति सीएसटी-यूपी की परियोजना ‘मॉडलिंग एंड इंप्लीमेंटेशन ऑफ एन एआई-असिस्टेड एफईटी-बेस्ड सॉलिड सेंसर फॉर फॉर्मिंग’ के अंतर्गत संविदा आधार पर की जानी है।
परियोजना का विज्ञापन संख्या JK/555/2026, 25 अगस्त 2026 है। आवेदन से संबंधित विस्तृत विज्ञापन और आवेदन प्रपत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
परियोजना के प्रधान अन्वेषक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. निलेश आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 सितंबर कर दी गई है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवेदन से पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन एवं दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल