भगंदर के हर मरीज के लिए लेजर उपचार जरूरी नहीं, सही मरीज का चयन महत्वपूर्ण : डॉ. संतोष सिंह
यूपीएएसआईकॉन-2026 में विशेषज्ञ पैनल चर्चा में बोले प्रयागराज के सर्जन, स्फिंक्टर मांसपेशियों को सुरक्षित रखने पर दिया जोर
प्रयागराज, 28 नवंबर (हि.स.)। भगंदर के हर मरीज के लिए लेजर उपचार उचित नहीं है। इसकी सफलता मरीज की स्थिति, भगंदर की बनावट और संक्रमण की स्थिति पर निर्भर करती है। सही मरीज का चयन और मल नियंत्रण करने वाली मांसपेशियों (स्फिंक्टर) को सुरक्षित रखना उपचार में सबसे महत्वपूर्ण है। यह बातें प्रयागराज के सर्जन एवं यूपी एएसआई के संयुक्त सचिव डॉ. संतोष सिंह ने कही। वह एम्स गोरखपुर में आयोजित एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड चैप्टर के 51वें वार्षिक सम्मेलन यूपीएएसआईकॉन-2026 में विशेषज्ञ पैनल चर्चा में शामिल हुए।
27 से 29 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन में ‘प्रोक्टोलॉजी में लेजर : उपयोगी तकनीक या जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें बवासीर और भगंदर के उपचार में लेजर तकनीक की उपयोगिता, सीमाओं, खर्च और लंबे समय तक मिलने वाले परिणामों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।
डॉ. संतोष सिंह ने हाई ट्रांस-स्फिंक्टेरिक फिस्टुला के उपचार में फिस्टुला लेजर क्लोजर (फिलैक) तकनीक की भूमिका समझाई। उन्होंने बताया कि सक्रिय संक्रमण, फोड़ा, कई शाखाओं वाले जटिल भगंदर और बड़े आंतरिक छिद्र की स्थिति में लेजर उपचार की सफलता प्रभावित हो सकती है। ऐसे मरीजों में पहले एमआरआई जांच से भगंदर की स्थिति समझना और संक्रमण को नियंत्रित करना जरूरी है। इसके बाद ही उचित उपचार का निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लेजर तकनीक का सबसे बड़ा लाभ मल नियंत्रण करने वाली स्फिंक्टर मांसपेशियों को सुरक्षित रखना है। इससे ऑपरेशन के बाद दर्द और घाव अपेक्षाकृत कम हो सकते हैं। हालांकि, सरल और निचले भगंदर में पारंपरिक ऑपरेशन तथा शुरुआती अवस्था की बवासीर में रबर बैंड से उपचार जैसी कम खर्चीली और प्रमाणित विधियां अधिक उपयोगी हो सकती हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि लेजर आधुनिक तकनीक जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। मरीज को उपचार की सफलता, खर्च और दोबारा बीमारी होने की आशंका के बारे में पहले ही पूरी जानकारी देनी चाहिए।
पैनल चर्चा का संचालन वरिष्ठ सर्जन प्रो. विनोद जैन ने किया। सम्मेलन में देशभर के सर्जन आधुनिक शल्य चिकित्सा, दूरबीन विधि से ऑपरेशन, बिना बड़े चीरे वाली तकनीकों, चिकित्सा अनुसंधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल