मिलावटखोरों के खिलाफ अब चलेगा सघन अभियान, लापरवाह अधिकारी भी नपेंगे : लोकेश एम

 


बेकरी, होटल, मिठाई, गोलगप्पा, डेयरी, पनीर और पोल्ट्री प्रतिष्ठानों की होगी जांच

प्रयागराज, 10 अगस्त (हि.स.)। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ मंडल में अब व्यापक अभियान चलाया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने अधिकारियों को सोमवार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बेकरी, होटल, मिठाई की दुकान, गोलगप्पा, डेयरी, पनीर, पोल्ट्री और फल पकाने वाली इकाइयों की सघन जांच की जाए। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, मिलावट या अस्वच्छता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

मंडलायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए सभी जोनल अधिकारियों और संबंधित टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जोन संख्या एक से तीन की टीमों को सभी बेकरी प्रतिष्ठानों की जांच करने को कहा। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, निर्माण प्रक्रिया और सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मानकों के विपरीत सामग्री या गंभीर खामी मिलने पर फोटो और वीडियो सहित प्रमाण जुटाकर प्रतिष्ठान को सील करने, अर्थदंड लगाने और अन्य दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि किसी प्रतिष्ठान में अल्पवयस्कों से श्रम कराया जाना मिले तो उसका भी फोटो और वीडियो साक्ष्य जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

होटलों की रसोई पर रहेगी विशेष नजर

जोन संख्या चार से सात में होटल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच के निर्देश दिए गए। होटलों की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और भंडारण, सामग्री की गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। खामी या मिलावट मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

फल पकाने में इस्तेमाल रसायनों की होगी जांच

मंडलायुक्त ने केला और पपीता सहित फलों को कृत्रिम रूप से पकाने वाली इकाइयों की विशेष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फलों को पकाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की जांच की जाए। प्रतिबंधित या मानकों के विपरीत रसायन का प्रयोग मिलने पर उसे तत्काल रोका जाए और संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

रोज देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट

मंडलायुक्त ने अभियान तत्काल शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक टीम अपनी दैनिक कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसमें कितने प्रतिष्ठानों की जांच हुई, कितनी खामियां मिलीं और कितने मामलों में प्रतिष्ठान सील करने, अर्थदंड अथवा अन्य कार्रवाई की गई, इसका पूरा विवरण देना होगा। संबंधित अधिकारियों को फोटो और वीडियो सहित दैनिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. लोकेश एम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल