दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार, 31 जुलाई तक करें आवेदन
प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों और संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। यह जानकारी बुधवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने दी।
अशोक कुमार गौतम ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी एवं स्वनियोजित दिव्यांगजन, दिव्यांगजनों के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी, दिव्यांगजनों के लिए कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्रोत व्यक्ति, दिव्यांगजनों के जीवन में सुधार के लिए सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण तैयार करने में उत्कृष्ट कार्य, दिव्यांगजनों को पुनर्वास सेवाएं देने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग वयस्क, सर्वश्रेष्ठ बालक-बालिका, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, दिव्यांगजनों के लिए सर्वश्रेष्ठ अनुकूल वेबसाइट, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी को भी पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के संबंध में विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट http://uphwd.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं निर्धारित आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक विकास भवन, प्रयागराज स्थित कक्ष संख्या-13 में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल