देश की एकता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देंगे : केशव प्रसाद मौर्य
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा- राष्ट्र प्रथम की भावना से भारत बनेगा विश्वगुरु
प्रयागराज, 14 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विभाजन का दर्द देश के लिए कभी न भूलने वाला घाव है। हमें इतिहास के इस काले अध्याय से सीख लेते हुए संकल्प लेना होगा कि देश की एकता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देंगे और परिस्थितियां कैसी भी हों, देश का दोबारा विभाजन नहीं होने देंगे। यह बातें वह शुक्रवार को शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करके भारत को विकसित राष्ट्र के साथ विश्वगुरु बनाना है। उन्होंने कहा कि इतिहास केवल पढ़ने का विषय नहीं है, बल्कि उससे गलतियों से सीख लेने और गौरवशाली क्षणों से प्रेरणा लेने का संकल्प भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि देश का विभाजन ऐसा घाव है, जो कभी भर नहीं सकता। हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा। हर परिस्थिति में देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना होगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना चुका है और घर-घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से दुनिया को संदेश दिया था कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश दिया है। आज शांति और प्रगति का रास्ता भारत से होकर जाता है। भारत दुनिया को साथ लेकर आगे बढ़ने और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का संदेश दे रहा है।
इससे पूर्व कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने सबसे पहले अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ संस्कृति विभाग की ओर से लगाई गई विभाजन विभीषिका से संबंधित अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
विस्थापित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
केशव प्रसाद मौर्य ने विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले की परिस्थितियों को देखने या उसके बारे में पढ़ने वाले हर व्यक्ति के मन में यह सवाल उठता है कि देश का विभाजन क्यों हुआ। इसलिए विभाजन के कारणों को जानना हम सभी का दायित्व है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों के परिजनों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विस्थापित परिवारों के परिजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अश्वनी सिंह पटेल, अवधेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल