हर घर में सुख-समृद्धि लेकर आए दीपावली, औद्योगिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करे प्रदेश : नन्दी

 


मोदी के नेतृत्व और योगी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश बन रहा देश का प्रमुख निवेश केंद्र, युवाओं के लिए बढ़ रहे रोजगार के अवसर

प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और औद्योगिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश आज देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और निवेश अनुकूल नीतियों से प्रदेश में उद्योगों का विस्तार हो रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि दीपावली का पर्व सुख, शांति, समृद्धि, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संदेश देता है। यह त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और उल्लास का यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, आरोग्यता और समृद्धि लेकर आए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारे और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश अनुकूल नीतियों के कारण देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। इससे उद्योगों का विस्तार हो रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र बनाने के साथ प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।

मंत्री नन्दी ने प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया, ताकि त्योहार की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सकें।

अंत में उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश से प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि हर घर में सुख-समृद्धि का वास हो और उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, रोजगार तथा औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल