पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में घायल राजेश की उपचार के दौरान मौत, मृतकाें की संख्या 12 पहुंची
-एसआरएन में भर्ती पांच घायलों में एक की हालत अत्यंत गंभीर, तीन की स्थिति स्थिर
काैशांबी, 01 सितंबर (हि.स.)। कौशांबी के पिपरी क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में घायल होकर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में भर्ती कराए गए पांच मरीजों में से एक राजेश कुमार (50) की मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। वह अत्यंत गंभीर हालत में वेंटिलेटर के सहारे उपचाराधीन थे। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए लगातार गहन उपचार और जीवनरक्षक चिकित्सा उपलब्ध कराई लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोपहर करीब एक बजे उनका निधन हो गया। राजेश के निधन के साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या 12 हो गयी है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार हादसे में घायल एक अन्य मरीज की हालत भी अभी अत्यंत गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और क्रिटिकल केयर टीम लगातार उनकी निगरानी और उपचार कर रही है। वहीं एसआरएन में भर्ती अन्य तीन मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि पटाखा फैक्ट्री हादसे में 11 लाेगाें की पहले ही माैत हाे चुकी है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा के निर्देशन में ट्रामा, क्रिटिकल केयर, सर्जरी और संबंधित विभागों की चिकित्सकीय टीम घायलों के उपचार में लगातार जुटी हुई है। गंभीर मरीज को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि गंभीर मरीज की स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार जीवनरक्षक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल