हुनर और परिश्रम से भविष्य संवार रहे युवा उत्तर प्रदेश की असली ताकत : केशव प्रसाद मौर्य

 






प्रयागराज के वृहद रोजगार महोत्सव में 2419 युवाओं का चयन, उपमुख्यमंत्री ने वितरित किए नियुक्ति-पत्र

प्रयागराज, 18 नवंबर (हि.स.)। युवाओं का हुनर, परिश्रम और प्रतिभा ही समृद्धि की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की असली ताकत है। युवाओं की ऊर्जा और कौशल प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी हैं। डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यह बातें बुधवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। वह झलवा स्थित शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित वृहद रोजगार महोत्सव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन के नए चरण की शुरुआत है। यह केवल रोजगार मिलने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नई जिम्मेदारियों की ओर बढ़ाया गया कदम है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता के बल पर आगे बढ़ना चाहिए और अपने परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपने निर्धारित कार्यस्थल पर जल्द कार्यभार ग्रहण करने का आह्वान किया।

रोजगार महोत्सव में कुल 16,790 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में 100 से अधिक कंपनियों ने 35 हजार रिक्त पदों पर चयन के लिए भाग लिया। इनमें 17 नवंबर को 54 कंपनियों ने 1,147 युवाओं का चयन किया, जबकि 18 नवंबर को 64 कंपनियों के माध्यम से 1,272 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इस प्रकार कुल 2,419 युवाओं को रोजगार के लिए चुना गया। उप मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम में शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सचिव अभिषेक तिवारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को नई दिशा देनी चाहिए। संस्थान के संस्थापक कौशल कुमार तिवारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं के भविष्य को संवारने के साथ उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोजगार महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज के सहायक निदेशक राजीव कुमार यादव ने तैयार की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आरके सिंह ने अतिथियों और नियोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, नियोजक और बड़ी संख्या में रोजगार की तलाश कर रहे युवा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल