प्रबुद्ध समाज राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त आधार : केशव मौर्य
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा भारत राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 की समाप्ति को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
प्रयागराज, 01 नवंबर (हि.स.)। प्रबुद्ध समाज राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त आधार है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे विद्वानों और बुद्धिजीवियों की भूमिका देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सभी को इस संकल्प को पूरा करने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। यह बातें रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने परेड मैदान में आयोजित प्रबुद्ध महाकुम्भ एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद 2019 और 2024 में भी जनता ने अपना विश्वास जताया। भारत का लोकतंत्र संविधान और जनता की इच्छा से संचालित होता है। प्रत्येक पांच वर्ष में होने वाले चुनाव में जनता जिसे सत्ता सौंपना चाहती है, उसे अवसर देती है और जिसे हटाना चाहती है, उसे सत्ता से बाहर कर देती है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। देश आर्थिक, सामरिक और राजनीतिक दृष्टि से सशक्त हो रहा है। डबल इंजन की सरकार विकास और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश को एकजुट करते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
उप मुख्यमंत्री ने पूज्य जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि राजनीति में आने से पहले विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री के रूप में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ने का अवसर मिला। उस दौरान जगद्गुरु जी के संरक्षण, मार्गदर्शन और आशीर्वाद में अनेक संघर्षों में सहभागिता की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों, परशुराम सेना के पदाधिकारियों, संरक्षकों, विद्वत समाज और उपस्थित गणमान्य लोगों का अभिनंदन किया।
दाल-भात परिवार के सेवा कार्यों की सराहना
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लेटे हनुमान मंदिर के समीप आयोजित 'भइया जी का दाल-भात परिवार' के साधना सेवा के आठवें वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना मानवता की सच्ची सेवा है। समाज के सभी वर्गों को ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ल, डॉ. एलएस ओझा सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल