आगामी छह महीने तक अपनी पूरी ताकत और ऊर्जा लगा दें कार्यकर्ता : केशव मौर्य

 


कार्यकर्ताओं की यही मेहनत सपा को हमेशा के लिए ‘सैफई’ भेजने का काम करेगी: उपमुख्यमंत्री

प्रयागराज, 27 जुलाई (हि.स.)। कार्यकर्ता ये संकल्प लें कि 2047 तक सपा को आने नहीं देंगे और भाजपा को जाने नहीं देंगे। कार्यकर्ता आगामी 06 महीने अपनी पूरी ताकत और ऊर्जा लगा दें 2027 की फतह के लिए। कार्यकताओं की यही मेहनत समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए सैफई भेजने का काम करेगी। उक्त बातें सोमवार को अपने तीन दिवसीय प्रयागराज प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब से भाजपा आई है विकास की गंगा बह रही है विकास की आंधी चल रही है। यदि कमल का फूल नहीं खिलता तो गरीबों महिलाओं किसानों युवाओं के लिए जो कल्याणकारी कार्य हुए वे कार्य होते क्या? कांग्रेस के भ्रष्टाचार का सबूत देने की आवश्यकता नहीं है। उनके प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने संसद में खुद कहा था कि जब दिल्ली से गरीबों के विकास के लिए 1 रुपया भेजा जाता है, तो उसमें से केवल 15 पैसे ही असल लाभार्थियों तक पहुंचते हैं और बाकी के 85 पैसे बीच में ही गायब हो जाते हैं। 2017 से पहले प्रयागराज के चकिया चौराहे से लेकर लाल गोपालगंज, हंडिया सहित पूरे गंगापार यमुनापार में गुंडे खुलेआम लहराते हुए चलते थे। आज गुंडे या तो कहीं और चले गये हैं या अपने अंजाम तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। बूथ जीता तो चुनाव जीता के फार्मूले पर ही चलना है। इस दौरान डिप्टी सीएम ने ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से स्थानीय जनों की समस्याएं को सुना और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सपा सरकार ने भर्ती आयोगों को भ्रष्टाचार का अखाड़ा बना दिया था

सर्किट हाउस में मीडिया से औपचारिक बातचीत में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सरकार ने भर्ती आयोगों को भ्रष्टाचार का अखाड़ा बना दिया था। इन्हें नकल रोकने के मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। नीट परीक्षा को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए कदमों का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने स्वागत करते हुए कहा कि नंदन नीलेकणी की अगुवाई में हाई-पावर्ड टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिससे भविष्य में पेपर लीक की संभावनाओं को पूरी तरह रोका जा सके। इसके अलावा फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है, ताकि दोषियों के खिलाफ समयबद्ध तरीके से ट्रायल चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि संसद में ऐसा सख्त बिल लाया जा रहा है जिससे नकल माफियाओं की रूह कांप जाएगी। असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जिसमें उन्होंने सपा से गठबंधन कर बीजेपी को हराने का दावा किया था, डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी तक अखिलेश यादव और राहुल गांधी 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' देख रहे थे, अब ओवैसी भी देख रहे हैं तो यह अच्छी बात है. लेकिन वे सब मिलकर भी आ जाएं तो उनका सपना पूरा नहीं होगा और साल 2027 में उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा बीजेपी की सरकार बनेगी।

इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, चायल विधायक व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, सुरेश मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी. के. सिंह, रणजीत सिंह, अनुज कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, पार्षद आशीष द्विवेदी आदि कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल