सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाएं : कर्नल विनय कुमार
गांधी जयंती पर मुक्त विश्वविद्यालय में रामधुन, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान
प्रयागराज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि दृढ़ संकल्प, सत्य और शांतिपूर्ण प्रयासों से बड़े से बड़े बदलाव को संभव बनाया जा सकता है। गांधी जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र, यमुना परिसर में मानविकी विद्या शाखा के तत्वावधान में रामधुन, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कहा कि गांधी जी ने सत्याग्रह, अहिंसा और स्वदेशी के माध्यम से अन्याय का विरोध करने का मार्ग दिखाया। उनका जीवन सादगी, सत्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारने का प्रयास करना चाहिए।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कर्नल विनय कुमार ने कहा कि शास्त्री जी अपनी सादगी, ईमानदारी, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशभक्ति के लिए प्रसिद्ध थे। उनका जीवन बताता है कि सच्चा नेतृत्व पद या शक्ति से नहीं, बल्कि ईमानदारी, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से बनता है।
कार्यक्रम के दौरान रामधुन के साथ गांधी जी के विचारों और आदर्शों को याद किया गया। इसके बाद कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सत्यपाल तिवारी के निर्देशन में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रो. विनोद कुमार गुप्त ने किया। संचालन आयोजन सचिव डॉ. शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि प्रो. सत्यपाल तिवारी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र, प्रो. रुचि बाजपेई, डॉ. साधना श्रीवास्तव, डॉ. सतीश चंद्र जैसल, प्रो. एस. कुमार, प्रो. पीके स्टालिन, प्रो. छत्रसाल सिंह, प्रो. ए.के. मलिक, प्रो. वीके गुप्ता, प्रो. एसपी तिवारी सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल