बिना वेतन निःस्वार्थ सेवा करने वाली आंतरिक सेना है सिविल डिफेंस : हर्षवर्धन बाजपेई
राजापुर दधिकांदो मेले में सेवा-सुरक्षा में मुस्तैद रहे सिविल डिफेंस के वार्डेन
प्रयागराज, 21 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज के राजापुर में आयोजित ऐतिहासिक दधिकांदो मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सिविल डिफेंस के वार्डेन ने पूरी रात सेवा, सुरक्षा और सहयोग की जिम्मेदारी संभाली। पुलिस प्रशासन के साथ सिविल डिफेंस प्रखंड सिविल लाइंस के वार्डेन पीली वर्दी में मुस्तैद रहे और भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे। विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने कहा कि सिविल डिफेंस बिना किसी वेतन के निःस्वार्थ सेवा करने वाली आंतरिक सेना है।
भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और पारंपरिक उत्सव से जुड़े दधिकांदो मेले में सिविल डिफेंस की ओर से सहायता शिविर लगाया गया। इसका शुभारंभ विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, डिप्टी चीफ वार्डेन नीरज मिश्रा, चीफ वार्डेन अनिल कुमार और डिप्टी चीफ वार्डेन राकेश कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। इस मौके पर स्टाफ ऑफिसर नगर एलके अहेरवार, डिविजनल वार्डेन महेंद्र सक्सेना, डिप्टी डिविजनल वार्डेन रामजी पांडेय, स्टाफ ऑफिसर मनोज सिंह, रवि गौतम, रोहित केसरवानी, प्रदीप जैसवार, हिमांशु गुप्ता, रमन जैन और प्रवीण पटेल मौजूद रहे।
चीफ वार्डेन अनिल कुमार ने कहा कि प्रयागराज का दधिकांदो मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की साझा संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सिविल डिफेंस के वार्डेन लगातार अपनी सेवाएं देते हैं।
डिविजनल वार्डेन महेंद्र सक्सेना और शिविर संयोजक रवि गौतम ने अतिथियों को बैज लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। डिविजनल वार्डेन नगर रौनक गुप्ता ने उत्कृष्ट सेवा करने वाले वार्डेन वालंटियरों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शिविर संयोजक रवि गौतम को भी सराहनीय कार्य के लिए स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नैनी डिविजन के डिविजनल वार्डेन श्रीकृष्ण तिवारी, स्टाफ ऑफिसर कर्नलगंज रविशंकर द्विवेदी, नागेंद्र सिंह अस्थाना और नैनी डिविजन की पूनम गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले में तैनात वार्डेन के सेवा कार्यों की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल