हर बच्चा विशेष, उसकी प्रतिभा और सपनों को मिले आगे बढ़ने का अवसर : हर्षिका सिंह
मुख्य विकास अधिकारी ने 10 दिव्यांग बच्चों के साथ केक काटकर मनाया जन्मोत्सव, 150 बच्चों ने किया ऐतिहासिक और ज्ञानवर्धक स्थलों का भ्रमण
प्रयागराज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। प्रत्येक बच्चा विशेष है और उसमें आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं। दिव्यांगता किसी बच्चे की प्रतिभा, क्षमता और सपनों की सीमा नहीं हो सकती। हर बच्चे को समान अवसर, स्नेह, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वह अपनी प्रतिभा पहचानकर जीवन में आगे बढ़ सके। यह बातें मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बुधवार को दिव्यांग बच्चों के शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने इलाहाबाद संग्रहालय में 10 दिव्यांग बच्चों के साथ केक काटकर उनका जन्मोत्सव मनाया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
समेकित शिक्षा के अंतर्गत आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण में जिले के लगभग 150 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को आनंद भवन, तारामंडल, विक्टोरिया पार्क, चंद्रशेखर आजाद पार्क और इलाहाबाद संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण ने बच्चों को कक्षा से बाहर नई चीजें जानने और समझने का अवसर दिया।
जन्मोत्सव मनाकर बच्चों के साथ साझा की खुशियां
इलाहाबाद संग्रहालय में आयोजित जन्मोत्सव के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले और वह अपने सपनों को साकार कर सके।
व्यावहारिक अनुभव से होता है सर्वांगीण विकास
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों के ज्ञान, आत्मविश्वास और बौद्धिक व सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में किया गया। जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा विकास पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन किया और शैक्षिक भ्रमण तथा जन्मोत्सव के उद्देश्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वरुण यादव, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन राजीव त्रिपाठी, विशेष शिक्षक और फिजियोथेरेपिस्ट उपस्थित रहे।
यह आयोजन दिव्यांग बच्चों के लिए ज्ञान प्राप्त करने, नई जगहों को जानने और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का यादगार अवसर बना। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उचित अवसर, सहयोग और प्रोत्साहन मिलने पर प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल