मंत्री नन्दी की माता के निधन पर शोक जताने पहुंचे जनप्रतिनिधि व संत-महात्मा

 




बहादुरगंज स्थित आवास पर शुक्रवार को भी लगा रहा लोगों का तांता, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस

प्रयागराज, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी के विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की माता विमला देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक हस्तियों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने बहादुरगंज स्थित मंत्री नन्दी के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

इस दौरान आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, आध्यात्मिक गुरु स्वामी अभिरामाचार्य और फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने मंत्री नन्दी से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं, कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी और विधायक महेश त्रिवेदी ने भी बहादुरगंज पहुंचकर माता जी के निधन पर गहरा दुख जताया।

इसके अलावा प्रयागराज सहित विभिन्न जनपदों से आए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अन्य गणमान्य लोगों ने भी मंत्री नन्दी से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की।

माता के निधन से दुखी मंत्री नन्दी और उनके परिवार के प्रति सभी ने अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की कामना की। बहादुरगंज स्थित आवास पर दिनभर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का आना-जाना लगा रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल