हनुमान अंश’ को फिल्म नहीं, कथा के रूप में देख रहे दर्शक : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी

 




तीन दिन में 14,500 से अधिक लोगों ने देखी फिल्म, सभी शो हाउसफुल; सीट नहीं मिली तो जमीन और सीढ़ियों पर बैठे दर्शक

प्रयागराज, 19 सितंबर (हि.स.)। बाबा नीब करौरी के जीवन और उनके सेवा-भाव से लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से दिखाई जा रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की ओर से पीवीआर प्रयागराज में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों को फिल्म निःशुल्क दिखाई जा रही है। तीन दिन में 14,500 से अधिक लोग फिल्म देख चुके हैं। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले शो हाउसफुल रहने के कारण कई दर्शक सीट नहीं मिलने पर जमीन और सीढ़ियों पर बैठकर फिल्म देख रहे हैं।

फिल्म के दौरान दर्शकों की ओर से सीताराम और जय श्रीराम के जयकारे भी लगाए जा रहे हैं। फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने इसे केवल फिल्म न मानकर बाबा नीब करौरी के जीवन और उनके विचारों से जुड़ी कथा बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत यह फिल्म दिखाई जा रही है। इसका उद्देश्य संत नीब करौरी बाबा के जीवन, हनुमान भक्ति, सेवा, सरलता और मानवता से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाना बताया गया है।

सेवा और मानवता का संदेश लोगों तक पहुंचाना उद्देश्य : नन्दी

कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता, करुणा, सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का मार्ग भी दिखाती है। संत नीब करौरी बाबा का जीवन भक्ति, सरलता और सेवा-भाव की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से लोगों को संत जीवन, हनुमान भक्ति और अच्छे आचरण के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी के जीवन दर्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना इसका उद्देश्य है।

मंत्री के अनुसार, फिल्म देखने के लिए लोगों में जिस तरह की रुचि दिखाई दे रही है, उससे बड़ी संख्या में दर्शक इससे जुड़ रहे हैं। तीन दिनों में 14,500 से अधिक लोगों का फिल्म देखना इसी का प्रमाण है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल