पीएम मोदी के नेतृत्व में सशक्त, समृद्ध और खुशहाल भारत का सपना हो रहा साकार : नन्दी
स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- विकसित भारत के निर्माण में सभी दें योगदान
प्रयागराज, 14 अगस्त (हि.स.)। हमारे पुरखों ने जिस सशक्त, समृद्ध और खुशहाल भारत का सपना देखा था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। अब हर नागरिक को देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। यह बातें प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहीं।
मंत्री नन्दी ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को लंबे संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद भारत के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और नई पहचान का सूर्योदय हुआ था। यह दिन देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय गौरव का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों के निर्वहन की भी याद दिलाता है। प्रत्येक नागरिक को देशहित में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। नागरिक बोध के संकल्प के साथ भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने के प्रयासों में सभी को अपना योगदान देना होगा।
2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लें संकल्प
मंत्री नन्दी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके साथ ही गुलामी की मानसिकता को समाप्त करने, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करने और भारत की एकता को और मजबूत करने का प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि इन्हीं संकल्पों के साथ देश विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
उत्तर प्रदेश बन रहा विकास का केंद्र
नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत की गौरवशाली संस्कृति, जीवंत लोकतांत्रिक परंपराओं और आजादी के बाद देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
मंत्री नन्दी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल