‘मेरी विधानसभा, मेरा परिवार’-जनता का स्नेह और विश्वास ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत : नन्दी

 




मंत्री नन्दी ने व्यापारी परिवार के घर बिताई रात, क्षेत्रवासियों से पारिवारिक आत्मीयता के साथ किया संवाद

प्रयागराज, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने प्रयागराज प्रवास के दौरान सोमवार को कहा कि ‘मेरी विधानसभा, मेरा परिवार’ केवल एक भाव नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच आत्मीय रिश्ते की पहचान है। उन्होंने कहा कि अपनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत है। इसी भाव के साथ मंत्री नन्दी ने रविवार, 6 सितंबर 2026 की रात प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कटघर चौराहा निवासी व्यापारी विजय कुमार केसरवानी ‘विजय रूई’ के घर रात्रि विश्राम किया।

मंत्री नन्दी ने व्यापारी परिवार के बीच पहुंचकर परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों, समर्थकों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी आत्मीय संवाद किया। लोगों ने अपने बीच पहुंचे मंत्री नन्दी का परिवार के सदस्य और भाई की तरह स्वागत किया।

रात्रि विश्राम के दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री नन्दी ने लोगों की बातें सहज भाव से सुनीं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। देर रात तक चले इस मिलन कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।

परिवार के सदस्यों के साथ रात्रि भोजन का भी आयोजन किया गया। अपनों के बीच बैठकर भोजन करने और पारिवारिक माहौल में समय बिताने से यह मुलाकात और भी आत्मीय बन गई। परिवारजनों ने मंत्री नन्दी का स्नेहपूर्वक आतिथ्य किया।

मंत्री नन्दी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच परिवार के सदस्य की तरह समय बिताने से उन्हें आत्मिक संतोष और प्रसन्नता मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से मिलने वाला अपनापन उन्हें निरंतर जनता के बीच रहकर सेवा करने और प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

इस दौरान परिवारजनों, रिश्तेदारों, समर्थकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री नन्दी के साथ अपनेपन के भाव से संवाद किया। व्यापारी परिवार के घर हुआ यह रात्रि विश्राम मंत्री नन्दी के जनसंपर्क और क्षेत्रवासियों के साथ उनके पारिवारिक जुड़ाव की एक और मिसाल बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल