लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से ही देश में सुरक्षित रह सका संविधान और लोकतंत्र : ए.के. शर्मा
संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में बोले मंत्री— राम मंदिर दान चोरी अक्षम्य अपराध, दोषियों को मिलेगी सजा
प्रयागराज, 26 जून (हि.स.)। भाजपा के काशी क्षेत्र की ओर से संविधान हत्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष के कारण ही देश में संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रह सका। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने कांग्रेस की जड़ उखाड़ने का काम किया और उनका योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।
मंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया। लोगों को रात में घरों से उठाकर जेल भेजा गया, यातनाएं दी गईं और जबरन नसबंदी जैसे कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि उस दौर में जनता का व्यापक उत्पीड़न हुआ, जिसके कारण देश में कांग्रेस के खिलाफ जनाक्रोश पैदा हुआ। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के तत्कालीन न्यायमूर्ति जगमोहन लाल सिन्हा के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायपालिका ने लोकतंत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान की मर्यादा का पूरी तरह पालन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने संविधान एवं आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया था और भविष्य में भी ऐसे प्रयास हो सकते हैं, जिनसे जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को प्रभावी जल निकासी के निर्देश दिए गए हैं। महाकुंभ और माघ मेले के दौरान कराए गए विकास कार्यों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
राम मंदिर के कथित दान चोरी मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़ी किसी भी प्रकार की चोरी या नुकसान का मामला अक्षम्य अपराध है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सजा दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने भाजपा काशी क्षेत्र के सात जिलों से आए 40 लोकतंत्र सेनानियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल