यूपी बोर्ड की परीक्षा केंद्र सूची में अब नहीं जुड़ेंगे नए केंद्र

 




द्वितीय चरण में केवल केंद्रों की दूरी और क्षमता से अधिक आवंटन संबंधी विसंगतियां होंगी दूर

प्रयागराज, 21 नवंबर (हि.स.)। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण प्रक्रिया के दूसरे चरण में अब नए परीक्षा केंद्र नहीं जोड़े जाएंगे। इस चरण में केवल परीक्षार्थियों को आवंटित केंद्रों की दूरी और केंद्रों की निर्धारित क्षमता से अधिक आवंटन से जुड़ी विसंगतियों का ही निस्तारण किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि शासनादेश में जिला स्तर से संस्तुत परीक्षा केंद्रों की सूची में दूसरे चरण के दौरान नए केंद्र जोड़ने का कोई प्रावधान नहीं है।

सचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को केंद्र निर्धारण प्रक्रिया के तहत दूसरे चरण में राज्य स्तर पर आपत्तियां और प्रत्यावेदन आमंत्रित किए गए थे। इस चरण में केंद्र आवंटन के दौरान परीक्षार्थियों की दूरी और केंद्रों की धारण क्षमता से अधिक आवंटन संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा। इसके अलावा किसी नए परीक्षा केंद्र को सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा।

सचिव भगवती सिंह ने इस विज्ञप्ति को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), समस्त मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रतिलिपि भेजा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल