अपनी वास्तविक ताकत परखने के लिए 12 नवंबर को रामपुर करछना में करेंगे सभा : उदयभान करवरिया
बोले- किसी के विरोध या समर्थन में नहीं, अराजनैतिक सभा में होगा आत्ममंथन और समर्थकों से आमने-सामने संवाद
प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। अपनी वास्तविक ताकत और जनसमर्थन का आकलन करने के लिए 12 नवंबर को रामपुर करछना में सभा आयोजित की जाएगी। यह किसी के विरोध या समर्थन में नहीं, बल्कि आत्ममंथन और समर्थकों से सीधे संवाद का अवसर होगा। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के बारा के पूर्व विधायक इं. उदयभान करवरिया ने सोमवार को नारीबारी स्थित एक धर्मशाला में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान कहीं। उन्होंने सभी समर्थकों से 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे रामपुर करछना में सेंट जांस एकेडमी के सामने आयोजित अराजनैतिक सभा में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।
पूर्व विधायक ने कहा कि वह जिस मुखरता से अपनी बात रखते हैं और जिन लोगों के लिए आवाज उठाते हैं, यह जानना भी जरूरी है कि उनके साथ कितनी जनता और समर्थकों का आशीर्वाद है। समय-समय पर अपने भीतर झांकना और आत्ममंथन करना आवश्यक है। 12 नवंबर की सभा इसी उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जिसमें समर्थकों से आमने-सामने बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि सभा में ही वह अपनी अन्य बातें विस्तार से रखेंगे।
उदयभान करवरिया ने समर्थकों से आह्वान किया कि उनसे जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराए, ताकि उनकी वास्तविक शक्ति और सामर्थ्य का आकलन हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सभा का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के पक्ष अथवा विरोध में माहौल बनाना नहीं है।
इससे पहले नारीबारी के साथ जारी और शंकरगढ़ में भी समर्थकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी बैजनाथ केसरवानी ने की तथा संचालन कुलदीप पाठक ने किया। इस दौरान ऋषि मोदनवाल और उनके साथियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पूर्व विधायक का स्वागत किया और उन्हें बड़ी माला पहनाई।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विभवनाथ भारती, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष पाल, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, विद्याधर द्विवेदी, अशोक मिश्र, महेंद्र शुक्ला, विकास चंद्र शुक्ला, रमाशंकर मिश्र, श्रीभगवान तिवारी, घनश्याम चतुर्वेदी, राजाराम चतुर्वेदी, शरद गुप्ता, छेदीलाल आदिवासी, धर्मराज पाल, नागेश्वर शुक्ला और अक्षय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल