मन की बात से समाज के सकारात्मक प्रयासों को मिलती नई दिशा : राजेश शुक्ल

 


यमुनापार के 1615 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का कार्यक्रम, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

प्रयागराज, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को सामने लाया जाता है, जिससे समाज के अन्य लोगों को भी नई दिशा मिलती है। यह बातें भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने रविवार को करछना विधानसभा के बूथ संख्या 12 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ का 138वां संस्करण सुनने के बाद कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक बदलाव के लिए लोगों को प्रेरित करता है। समाज में अच्छा कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों की जानकारी मिलने से दूसरे लोग भी उससे प्रेरणा लेकर जनहित में कार्य करने के लिए आगे आते हैं।

भाजपा यमुनापार के 1615 बूथों पर रविवार को पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनी। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं ‘मन की बात’ के जिला संयोजक दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने नारीबारी के चतुर्वेदी मार्केटिंग स्थित बूथ संख्या 296 पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ कार्यक्रम सुना।

‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमणों से लेकर आतंकवाद तक का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के संकल्प को दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी त्योहारों के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रदीप पांडेय, जिला कार्यालय मंत्री आनंद तिवारी, सोमेश्वर महादेव मंडल अध्यक्ष हरिकृष्ण पांडेय, किसान मोर्चा जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह पटेल, सुभाष चंद्र चतुर्वेदी, अनिल चतुर्वेदी, इंद्रसेन सिंह, लाला केसरवानी, विजय, राहुल सहित शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल