‘करो या मरो’ के नारे की गूंज और आजादी के संघर्ष की यादें दिलों में जीवित रखें : केशव प्रसाद मौर्य
पत्थर गिरजाघर से शहीद वॉल तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से गूंजा शहर
प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। आज की युवा पीढ़ी को यह जानना और याद रखना चाहिए कि भारत ने स्वतंत्रता हासिल करने के लिए कितना कठिन संघर्ष किया था। अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गूंजे करो या मरो’ जैसे नारों और उनके पीछे की भावनाओं को हमें अपने दिलों में जीवित रखना होगा। ऐसे आयोजन स्वतंत्रता संग्राम की यादों को ताजा रखने और युवाओं को आजादी के संघर्ष से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बातें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में भारत माता के वीर सपूतों के बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश ने लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद आजादी हासिल की है। इसलिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के इतिहास और उसके लिए किए गए संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है।
उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। कहा कि इस अभियान से देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना और मजबूत हुई है।
‘ हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पत्थर गिरजाघर से शहीद वॉल तक करीब दो किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की तस्वीरें लेकर लोग यात्रा में शामिल हुए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच लोग उत्साह से झूमते नजर आए।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम् के गगनभेदी उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। यात्रा में भूतपूर्व सैनिकों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, दीपक पटेल, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, सुरेंद्र चौधरी, महापौर गणेश केसरवानी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चायल विधायक पूजा पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कृतिका अग्रवाल और सुरेश मौर्य सहित अन्य नेता रथ पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर शहीद वॉल तक पहुंचे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेश पांडेय ने किया। यात्रा में नीरज त्रिपाठी, कविता यादव त्रिपाठी, रणजीत सिंह, शशि आनंद सोनकर, आनंद श्रीवास्तव, अनुज कुशवाहा, रमेश पासी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, राजेंद्र मिश्र, विनोद प्रजापति, वंदना सिंह, विजय श्रीवास्तव, उमेश तिवारी, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, विपुल मित्तल, दिलीप चतुर्वेदी और किरन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जिला मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि 14 अगस्त को शाम चार बजे भारतीय जनता पार्टी के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल