कार्यकर्ताओं की ताकत से ही 2027 का चुनावी रण जीतेंगे : सुरेश मौर्य

 


बोले प्रदेश उपाध्यक्ष- बूथ मजबूत होगा तो चुनाव में खिलेगा कमल, कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां

प्रयागराज, 03 सितंबर (हि.स.)। भाजपा ने 2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर लगातार जीत हासिल की है। अब 2027 के विधानसभा चुनाव का रण भी कार्यकर्ताओं के दम पर जीता जाएगा। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने में जुट जाए। बूथ जीता तो चुनाव जीता। उक्त बातें गुरुवार को तुलसियानी स्क्वायर कॉलोनी, सिविल लाइंस में भाजपा काशी क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाएं। संगठन की मजबूती का आधार बूथ है, इसलिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीति को देश और प्रदेश का युवा समझ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा देने के साथ आतंकवादियों और गुंडों को संरक्षण देने की कोशिश करता है, जिसे युवा स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव 2047 तक सरकार बनाने का सपना देखना छोड़ दें, उनके सपने मुंगेरीलाल के हसीन सपने की तरह रह जाएंगे।

भाजपा काशी क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री सैफुल अब्बास ने भगवान श्रीराम का स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री सैफुल अब्बास ने कहा कि 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की साइकिल तीसरी बार फिर पंचर होगी। कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम में राजेश केसरवानी, सुशील कुमार जैन, अंबिका जैन, मनराम मौर्य, अजय अग्रहरि, शत्रुघ्न जायसवाल, हसमत उल्ला खान, किशन चंद्र जायसवाल, नीरज केसरवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल