विचारों में अडिगता, व्यवहार में विनम्रता और निर्णयों में राष्ट्रहित थी अटल जी की पहचान : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 16 अगस्त (हि.स.)। विचारों में अडिगता, व्यवहार में विनम्रता और निर्णयों में राष्ट्रहित अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन की विशिष्ट पहचान थी। उन्होंने अपने आचरण से साबित किया कि मजबूत सिद्धांतों और लोकतांत्रिक सहमति के साथ भी देश को प्रभावी नेतृत्व दिया जा सकता है। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने रविवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहीं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। संजय गुप्ता ने कहा कि पोखरण के ऐतिहासिक निर्णय से भारत को सामरिक शक्ति प्रदान करने से लेकर आधुनिक बुनियादी ढांचे की मजबूत नींव रखने तक अटल जी का योगदान अविस्मरणीय है। उनकी दूरदृष्टि, कर्मनिष्ठा और देश के प्रति अटूट समर्पण हमेशा देशवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि अटल जी जितने सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी थे, उतने ही अपने संकल्प और इरादों के प्रति दृढ़ थे। कारगिल युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व और दृढ़ संकल्प का पूरी दुनिया ने लोहा माना। उन्होंने राष्ट्रहित से जुड़े अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।

संजय गुप्ता ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके जीवन से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख मिलती है।

कार्यक्रम में महानगर महामंत्री विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, डॉ. शैलेश पांडेय, राजू राय, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, अनुज कुशवाहा, आनंद श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, अरुण पटेल, पप्पू पांडेय, दीप द्विवेदी, पार्षद प्रवीण भारती, राम लोचन साहू, रवींद्र गांधी, अजय श्रीवास्तव, शुभम सिंह, सुजीत कुशवाहा, आनंद दुबे, पीयूष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल