प्रयागराज को प्रदेश संगठन में मिला सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व, 2027 की जीत में कार्यकर्ताओं की होगी अहम भूमिका : संजय गुप्ता
प्रयागराज, 30 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश संगठन में प्रयागराज को जितना प्रतिनिधित्व मिला है, उतना किसी अन्य जिले को नहीं मिला। यह बातें मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।
उन्होंने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान होता है और यही समर्पित कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय का आधार बनेंगे।
मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य और प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल शहर से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।
अध्यक्षीय संबोधन में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी में प्रयागराज के चार पदाधिकारियों का चयन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्य का सम्मान होता है और संगठन हमेशा समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कृतिका अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है और सेवा का कार्य कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने कहा कि संगठन ने उनके कार्यों पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण को भी पूरा सम्मान मिलता है। वहीं प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर ने कहा कि पार्टी ने मातृशक्ति को सम्मान और नेतृत्व का अवसर दिया है तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर शशि वार्ष्णेय, रणजीत सिंह, रमेश पासी, विक्रम भदौरिया, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, वंदना शर्मा, विजय श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल, दीप द्विवेदी, कंचनलता, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, सुजीत कुशवाहा, मोहित गुप्ता, प्रवीण भारती, आनंद दुबे, आशीष द्विवेदी, मोहम्मद शरीफ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल