रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और पराक्रम का अमर प्रेरणास्रोत : संजय गुप्ता
भाजपा एसटी मोर्चा ने बलिदान दिवस पर वीरांगना रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज, 24 जून (हि.स.)। अदम्य साहस, अद्वितीय नेतृत्व और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और पराक्रम का अमर प्रेरणास्रोत है। उनका बलिदान हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और राष्ट्र के लिए सर्वस्व समर्पण का संदेश देता है। उक्त बातें बुधवार को भाजपा एसटी (अनुसूचित जनजाति) मोर्चा द्वारा बुधवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।
उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया तथा अपने पराक्रम से भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि उनका शौर्यपूर्ण जीवन आज भी समाज को साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
संजय गुप्ता ने कहा कि रानी दुर्गावती ने मुगलों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय मातृभूमि की रक्षा के लिए वीरतापूर्वक युद्ध करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देना श्रेष्ठ समझा। उनका त्याग और बलिदान भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी समाज की इस महान वीरांगना को सम्मान देने का कार्य किया है और आज उनका बलिदान दिवस पूरे देश में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसटी मोर्चा महानगर अध्यक्ष राजेश गोंड ने कहा कि भाजपा सरकार में आदिवासी समाज का सम्मान और गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर आसीन होना इसका उदाहरण है।
इस अवसर पर एसटी मोर्चा महानगर अध्यक्ष राजेश गोंड, महामंत्री रमेश पासी, डॉ. धर्मेंद्र गोंड, अमित गोंड, धीरेन्द्र चौधरी, पूनम सरोज, पूजा गौड़, विनोद कुमार, शंकरलाल धुरिया, विनोद गौड़, राम गौड़, डॉ. हीरालाल, सुमित दास, विशाल गौड़, रीता देवी, संदीप कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल