संत रविदास के विचार और उनके दिए संदेश आज भी हैं उतने ही प्रासंगिक : सिद्धार्थ नाथ सिंह

 


सामाजिक समरसता का संदेश देकर बलिया रवाना हुई कलश वंदन यात्रा

प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। संत रविदास हम सबके हैं और उन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। भाजपा इसी सामाजिक समरसता और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कलश वंदन यात्रा का आयोजन कर रही है। उक्त बातें मंगलवार को संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा बलिया रवाना होने से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहर पश्चिमी के विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार और उनके दिए संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा मंगलवार को शहर पश्चिमी विधानसभा के खुल्दाबाद मंडल पहुंची। यहां शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह और यात्रा के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर ने स्थानीय लोगों के साथ यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने शामिल होकर संत रविदास को नमन किया।

इस मौके पर विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, आनंद सोनकर और पार्षद दुर्गेश नंदिनी ने पावन कलश को सिर पर धारण किया और संत रविदास के चित्र एवं रथ के साथ बस्ती में भ्रमण किया। यात्रा के दौरान लोगों ने श्रद्धा के साथ संत रविदास का स्मरण किया और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।

यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उत्साह के साथ शामिल हुए। लोगों ने सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। आयोजन के दौरान संत रविदास के जीवन और उनके विचारों पर भी चर्चा हुई।

खुल्दाबाद मंडल में भ्रमण के बाद कलश वंदन यात्रा बलिया जनपद के लिए रवाना हो गई। इस अवसर पर अपूर्वा चंद्रा, स्वारिका भारद्वाज, गौरव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल