विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाओं की हाेगी महत्वपूर्ण भूमिका : प्रवीण पटेल

 


प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाओं की आधी आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह बातें रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल ने कही।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मानित करने से समाज में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को प्रेरणा मिलती है। राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि मातृशक्ति के सशक्त होने से ही देश का समग्र विकास संभव है।

जनपद स्तरीय वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद राज्य बोर्ड परीक्षा 2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और पांच महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 16 विभागों की 90 महिलाओं को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पुलिस विभाग तथा महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की पांच महिला कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का सांसद व राज्य महिला आयोग की सदस्य ने अवलोकन किया।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर तीन महिलाओं की गोद भराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी सहित 600 से अधिक महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूजा मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) अंजिका मोना शर्मा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल