राहुल गांधी ने हिंदू-ब्राह्मण होने का फर्जी नैरेटिव गढ़ा : प्रकाश पाल
अखिलेश यादव का पीडीए भी दिखावा, सपा सरकार में पिछड़ों और दलितों के अधिकार हड़पे गए
प्रयागराज, 08 सितंबर (हि.स.)। राहुल गांधी ने स्वयं को हिंदू और ब्राह्मण बताने का फर्जी नैरेटिव खड़ा किया है और गांधी परिवार अब महात्मा गांधी से अपने संबंध जोड़ने की कोशिश कर रहा है। यह बातें मंगलवार को मीडिया से अपने प्रवास पर प्रयागराज पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।
भाजपा नेता प्रकाश पाल मंगलवार को फिरोज गांधी की पुण्यतिथि पर प्रयागराज स्थित पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर उनकी मज़ार पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी पर भी तीखा राजनीतिक तंज कसे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र प्रयागराज के पारसी कब्रिस्तान में है। राहुल गांधी पोल खुलने के डर से यहां नहीं आते। गांधी परिवार अब धीरे-धीरे महात्मा गांधी से खुद को जोड़ने का प्रयास कर रहा है। प्रियंका गांधी द्वारा महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के संदर्भ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को देश को गुमराह करने की कोशिश बंद करनी चाहिए।
गांधी उपनाम को लेकर प्रकाश पाल ने सोनू निगम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार सोनू निगम के नाम में ‘निगम’ शब्द होने से उनका नगर निगम से कोई संबंध नहीं है, उसी प्रकार केवल ‘गांधी’ उपनाम होने से राहुल गांधी के परिवार का महात्मा गांधी से कोई संबंध नहीं हो जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सोनू निगम का अपमान करना नहीं है, बल्कि उदाहरण के माध्यम से अपनी बात समझाना है।
सपा पर भी साधा निशाना
2027 के विधानसभा चुनाव में इस राजनीतिक कवायद के संभावित लाभ से जुड़े सवाल पर प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी जाति और धर्म के नाम पर देश को गुमराह कर रहे हैं, उसी प्रकार अखिलेश यादव भी पीडीए के नाम पर प्रदेश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में पिछड़ों, दलितों और सामान्य वर्ग के अधिकारों का हनन हुआ तथा उनके अधिकारों को हड़प लिया गया। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी सरकार के कार्यकाल के आधार पर जनता के बीच आएं और अपने शासन का हिसाब दें।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई : प्रकाश पाल
सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने को लेकर कांग्रेस और सपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रकाश पाल ने कहा कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश के आधार पर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस न्यायालय तथा संविधान का सम्मान नहीं करतीं। उन्होंने वंदे मातरम् को लेकर विपक्ष के रुख और न्यायालय के आदेश के विरोध को उनके दोहरे मापदंड का उदाहरण बताया।
प्रकाश पाल ने कहा कि देश में ऐसी कई मस्जिदें हैं, जिनकी खुदाई होने पर मंदिरों और भारतीय अवशेषों के सामने आने का दावा किया जाता है। इसी क्रम में उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस को खोदने पर मुगल और आतंकवादी निकलेंगे।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अश्वनी पटेल, मोर्चा महानगर प्रभारी मनोज कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, अंगद पटेल, पीयूष जायसवाल, राजू पटेल, पूजा बिंद, दीपिका मौर्य, विजय गुप्ता, परमेश्वर, कृष्णपाल सिंह, नातेश्वर कुशवाहा तथा भाजपा मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल