जो अपने दादा की कब्र पर झांकने नहीं आए, वह युवाओं को क्या संदेश देंगे' : सिद्धार्थनाथ सिंह

 




-प्रयागराज में फिरोज गांधी की कब्र पर पहुंचे पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह समेत भाजपा के अन्य नेता

प्रयागराज, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि जो अपने दादा की कब्र पर झांकने नहीं आए, वह युवा छात्रों को कौन-सा पाठ पढ़ाएंगे। सिद्धार्थनाथ सिंह शुक्रवार काे प्रयागराज के मम्फोर्डगंज स्थित कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की क़ब्र पर पुष्प अर्पित करने पहुंचे थे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा केवल राजनीतिक उद्देश्य से है। उनका स्थानीय विरासत एवं पारिवारिक संबंधों से कोई सरोकार नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा युवाओं के विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं से संवाद की बात करते हैं लेकिन उन्हें पहले अपने परिवार और प्रयागराज से जुड़े इतिहास का सम्मान करना चाहिए। उनका कहना था कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह पटेल ने भी राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है। केवल राजनीतिक यात्राओं से प्रदेश की जनता प्रभावित होने वाली नहीं है। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रयागराज की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है तथा युवाओं का विश्वास भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर लगातार मजबूत हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से पहले भाजपा ने उन पर तीखा हमला बोला। भाजपा विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल तथा भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह पटेल शुक्रवार को मम्फोर्डगंज स्थित उस कब्रिस्तान पहुंचे, जहां राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र है। इस दौरान नेताओं ने राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम पर सवाल भी उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल