मुंशी प्रेमचंद और जयप्रकाश नारायण के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : पवन श्रीवास्तव
कायस्थ संघ ने दोनों महान विभूतियों की पुण्यतिथि पर अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
प्रयागराज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचार और समाज के प्रति उनका योगदान आज भी लोगों को प्रेरणा देता है। उनके जीवन और आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। यह बातें कायस्थ संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव ने दोनों महान विभूतियों की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहीं।
कायस्थ संघ की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में मुंशी प्रेमचंद और लोकनायक जयप्रकाश नारायण को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, विचारों और समाज के प्रति किए गए योगदान को याद किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद ने अपनी साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से समाज की वास्तविक परिस्थितियों, संघर्षों और सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। वहीं लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शैलेंद्र श्रीवास्तव, पार्षद नीरज गुप्ता, आलोक श्रीवास्तव, कुशाग्र श्रीवास्तव, अनूप कुमार, शुभेंदु श्रीवास्तव, प्रकाश श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल