बूथ समितियों के सत्यापन के साथ 2027 के चुनावी रण में उतरेगी भाजपा : महेश चंद्र श्रीवास्तव
तीन और चार सितंबर को बूथ समिति एवं शक्ति केंद्रों का सत्यापन, प्रदेश नेतृत्व रखेगा अभियान पर नजर
प्रयागराज, 01 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। बूथ समितियों और शक्ति केंद्रों के सत्यापन अभियान को लेकर मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि एवं भाजपा प्रयागराज महानगर प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बूथ समितियों और शक्ति केंद्रों के सत्यापन के साथ ही भाजपा 2027 के चुनावी रण में उतरेगी। इस अभियान पर प्रदेश नेतृत्व की सीधी नजर है, इसलिए सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी से किया जाए।
महानगर प्रभारी ने बताया कि बूथ समिति एवं शक्ति केंद्रों के सत्यापन को लेकर 31 अगस्त को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला हुई थी। इसके बाद जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि तीन और चार सितंबर को बूथ समिति एवं शक्ति केंद्रों के सत्यापन का कार्य पूरा किया जाना है। पांच सितंबर को लखनऊ में इस संबंध में बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान बूथ समितियों की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जाए। मंडल स्तर पर जातिगत आंकड़ों पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इस कार्य के लिए मंडल स्तर पर पूर्व पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश नेतृत्व कर रहा अभियान की निगरानी
महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सत्यापन अभियान को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए। बूथ समितियों में निर्धारित मानकों के अनुसार कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की स्थिति की जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व इस अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है, इसलिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की। अभियान के जिला संयोजक जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव तथा सह संयोजक जिला मंत्री अजय सिंह, दीप द्विवेदी और गौरव गुप्ता बनाए गए हैं।
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता , डॉ. शैलेश पांडेय, शशि वार्ष्णेय, रणजीत सिंह, राजेंद्र मिश्र, मुरारी लाल अग्रवाल, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, आनंद सोनकर, कुंज बिहारी मिश्रा, अनिल केसरवानी, अनुज कुशवाहा, अजय सिंह, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, मोहित गुप्ता, प्रवीण भारती और मनोज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्य
कर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल