चुनावी रण में पूरी मजबूती से उतरेगा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा : शैलेश कुमार राम

 


काशी क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष का प्रयागराज में स्वागत, अनुसूचित जाति समाज तक पहुंचाएंगे सरकार की योजनाएं

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरेगा। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अनुसूचित जाति समाज तक पहुंचाएं। इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। यह बातें भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के काशी क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष शैलेश कुमार राम ने सोमवार को प्रयागराज में अपने प्रथम आगमन पर स्वागत समारोह के दौरान कहीं।

पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने शैलेश कुमार राम का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुसूचित जाति समाज को वास्तविक सम्मान देने का काम किया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से समाज के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मोर्चा के कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं, ताकि वे उनका लाभ उठा सकें।

शैलेश कुमार राम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने अनुसूचित जाति समाज को हमेशा वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है, लेकिन अब जनता उसके इस रवैये को समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में जनता विपक्ष को करारा जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री रमेश पासी, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष कविराज, हिमांशु गौतम, सूरज पासी, पार्षद श्याम हेला, प्रवीण भारतीय, अनिल चंद्र, वीरू सोनकर और मनीष चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल