सामाजिक समरसता का संदेश लेकर निकलेगी कलश यात्रा : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 30 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्रा का उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता, समानता और एकता का संदेश पहुंचाना है। यह बातें गुरुवार को मीडिया को जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने बताया कि यह यात्रा 31 जुलाई से शुरू होकर 10 अगस्त तक शहर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (काशी) से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश को 31 जुलाई, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से रथ के माध्यम से रवाना किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह कलश यात्रा प्रयागराज महानगर के शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में तीन से चार दिनों तक भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान दलित बस्तियों सहित समाज के सभी वर्गों के बीच पहुंचकर सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी लोगों से संपर्क कर अभियान के उद्देश्य से उन्हें अवगत कराएंगे।

संजय गुप्ता ने कहा कि संत रविदास ने पूरे समाज को समानता, भाईचारे और एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया था। भाजपा उनकी शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा 10 अगस्त तक विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के संयोजक आनंद सोनकर तथा सह-संयोजक सचिन जायसवाल, कंचनलता कुशवाहा और पूजा गौड़ को बनाया गया है, जो अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल