संगठन सर्वोपरि का भाव लेकर मतदाता जोड़ो अभियान में जुटें कार्यकर्ता : राकेश त्रिवेदी

 


पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना लोकतंत्र को मजबूत करने की पहली सीढ़ी

प्रयागराज, 19 नवंबर (हि.स.)। मजबूत लोकतंत्र की पहली सीढ़ी मताधिकार है। हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं को संगठन सर्वोपरि का भाव लेकर घर-घर पहुंचना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। यह बात भाजपा के जिला प्रभारी एवं मुख्य वक्ता राकेश त्रिवेदी ने गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत आयोजित शहर उत्तरी विधानसभा की कार्यशाला में कही।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, नवविवाहित जोड़ों और दूसरे स्थानों से आकर बसे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर ध्यान देना होगा। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची से कट गए हैं या छूट गए हैं, उनके सही प्रपत्र भरवाकर नाम जुड़वाना प्राथमिकता होनी चाहिए। बूथ समिति के प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय होकर मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और पूर्ण बनाने में अपनी भूमिका निभानी होगी। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप इस अभियान को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संचालित करना है।

महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता गरीबों, युवाओं और किसानों के कल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर काम करें। विपक्ष की ओर से जनता के बीच फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं को सजग और सतर्क रहना होगा।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में इसी मतदाता सूची के आधार पर पार्टी को चुनावी मैदान में उतरना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ मतदाता जोड़ो अभियान में जुट जाएं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए अभी से सक्रियता बढ़ानी होगी।

कार्यशाला का संचालन डॉ. शैलेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर शहर उत्तरी विधानसभा प्रभारी प्रभात श्रीवास्तव, वंदना सिंह, रमेश पासी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, शशि वार्ष्णेय, राजेंद्र मिश्र, मृत्युंजय तिवारी, कुंज बिहारी मिश्रा, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, रीता सिंह, चंद्रा अहलुवालिया, प्रियंका पराशर, सुजीत कुशवाहा सहित पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल