भगवान श्रीकृष्ण ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उठाई आवाज : बटुक महाराज
अहंकार मनुष्य के विनाश का सबसे बड़ा कारण, प्रेम से ही प्रसन्न होते हैं भगवान
प्रयागराज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण ने सदैव सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और देवता, दैत्य या मनुष्य सभी के अहंकार को दूर किया। अहंकार मनुष्य के विनाश का सबसे बड़ा कारण है। जब व्यक्ति अपनी शक्ति और सामर्थ्य पर घमंड करने लगता है तो उसका पतन निश्चित हो जाता है। भगवान अहंकार से नहीं, बल्कि प्रेम से प्रसन्न होते हैं। यह बातें रविवार को कथा व्यास बटुक महाराज ने कहीं।
प्राचीन श्री दधिकांदो मेला कमेटी कृष्णानगर, त्रिवेणी मार्ग, कीडगंज की ओर से श्री ज्ञान पुस्तकालय के प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस पर बटुक महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीला के माध्यम से समाज को अहंकार त्यागने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जब देवताओं के राजा इंद्र को अपनी शक्ति पर अहंकार हो गया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा कराकर इंद्र के अहंकार को दूर किया। उन्होंने गोवर्धन पर्वत की पूजा का महत्व बताया और समाज को यह संदेश दिया कि प्रकृति और उसके संसाधनों के प्रति सम्मान रखना चाहिए।
बटुक महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने देवता, दैत्य और मनुष्य सभी के अहंकार को तोड़ा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को समानता, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। श्रीकृष्ण का जीवन हमें अहंकार छोड़कर प्रेम, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कथा के दौरान धूमधाम से नंदोत्सव पर्व मनाया गया। गोवर्धन लीला के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया और भगवान की आरती में शामिल हुए।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 6 अक्टूबर को भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी का विवाहोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
कथा की आरती महापौर गणेश केसरवानी, पूर्व पार्षद सविता केसरवानी, मुरारी अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, सतीश चंद्र केसरवानी, पूर्व पार्षद विजय वैश्य, कुंज बिहारी मिश्रा, मनीष केसरवानी, शिव वैश्य, अजय जायसवाल, राजेश केसरवानी, बांबी, खन्ने सोनकर, अमरेश जायसवाल, कृष्णा साहू, अंकुश शर्मा, ईशू केसरवानी, शत्रुघ्न जायसवाल, सुभाष चंद्र वैश्य, प्रमोद मोदी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल