प्रयागराज के बमरौली एयरफोर्स में संगिनी फेस्ट से मिला महिला उद्यमियों को मंच
वायु सेना परिवार की महिलाओं ने खानपान, खरीदारी और मनोरंजक खेलों के लगाए स्टॉल, उत्साह के साथ मनाया उत्सव
प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना परिवार की महिलाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वायु सेना स्टेशन बमरौली में 10 अक्टूबर को ‘संगिनी फेस्ट’ का आयोजन किया गया। वायु सेना परिवार कल्याण संघ (क्षेत्रीय), मध्य वायु कमान की ओर से आयोजित इस उत्सव में महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम ने महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही वायु सेना परिवारों के बीच आपसी मेलजोल और सौहार्द को भी बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वायु सेना परिवार कल्याण संघ (क्षेत्रीय), मध्य वायु कमान की अध्यक्षा सविता चौधरी ने किया। इस अवसर पर वायु सेना के अधिकारी, वायुसैनिक और उनके परिवार के सदस्य उत्साह के साथ शामिल हुए। संगिनियों की ओर से खानपान, खरीदारी और मनोरंजक खेलों के विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनसे आयोजन में उत्सव का माहौल बना रहा।
महिला उद्यमियों को मिला अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
संगिनी फेस्ट में महिलाओं ने अपने उत्पादों, कौशल और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस आयोजन से उभरती महिला उद्यमियों को अपने काम को आगे बढ़ाने और अपनी प्रतिभा पहचान दिलाने के लिए मंच मिला। साथ ही, वायु सेना परिवारों के सदस्यों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और आगामी त्योहारों की खुशियां मिलकर मनाने का अवसर प्राप्त हुआ।
वायु सेना परिवार कल्याण संघ की यह पहल महिलाओं में आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ सामुदायिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। संगिनी फेस्ट रचनात्मकता, आपसी सहयोग और उद्यमशीलता का संगम बना।
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने साेमवार काे बताया कि संगिनी फेस्ट का उद्देश्य वायु सेना परिवार की महिलाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना तथा परिवारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना है। यह आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल