संविदा श्रमिकों और परिजनों के आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष अभियान

 




प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर शिविर लगाकर बनाए गए 100 से अधिक कार्ड

प्रयागराज, 27 सितंबर (हि.स.)। संविदा श्रमिकों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए प्रयागराज मंडल की ओर से विशेष पहल की गई है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 26 सितंबर को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर लगाए गए। मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ समेत अन्य स्टेशनों पर आयोजित शिविरों में 100 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। पात्र लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य संविदा श्रमिकों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाना है। शिविरों में कर्मचारियों और उनके परिजनों को कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया गया।

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि संविदा श्रमिकों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मंडल लगातार प्रयास कर रहा है। विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शेष पात्र संविदा श्रमिकों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए इस सप्ताह विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ा जा सके।

आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित स्वास्थ्य उपचार और अस्पताल में भर्ती से संबंधित सुविधाएं मिलती हैं। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों के पास आयुष्मान कार्ड होना आवश्यक है।

मंडल की ओर से चलाए जाने वाले विशेष अभियान के दौरान पात्र संविदा श्रमिकों और उनके परिवारजनों तक पहुंचकर उन्हें कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे की इस पहल से संविदा श्रमिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलने में सुविधा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल