इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विषय से पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन 16 नवंबर तक

 


यूजीसी-नेट, जेआरएफ और निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर, शोध प्रस्ताव सहित जरूरी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य

प्रयागराज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग में पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 16 नवंबर को शाम पांच बजे तक अपना आवेदन पत्र, शोध प्रस्ताव और जरूरी दस्तावेज विभागीय कार्यालय में जमा कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया में यूजीसी-जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों, यूजीसी-नेट के निर्धारित अंकों के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों और नियमानुसार छूट प्राप्त अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। शोध अभिरुचि परीक्षा (आरएटी) की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

यूजीसी-नेट के अंकों के आधार पर मिलेगा प्रवेश का अवसर

विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूजीसी-नेट श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग वर्गों के न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए 196 या उससे अधिक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 188 या उससे अधिक, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 170 या उससे अधिक, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 162 या उससे अधिक तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 138 या उससे अधिक अंक निर्धारित हैं। दिव्यांग श्रेणी (पीडब्ल्यूडी/पीएच) के अभ्यर्थियों के लिए 140 या उससे अधिक अंक तय किए गए हैं।

यूजीसी-जेआरएफ की पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, निर्धारित नियमों के तहत छूट प्राप्त अभ्यर्थी, अंशकालिक अभ्यर्थी और शिक्षक भी आवेदन कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी की पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।

दो से तीन हजार शब्दों का शोध प्रस्ताव जरूरी

आवेदन के साथ यूजीसी-नेट या जेआरएफ का अंकपत्र, स्नातकोत्तर और स्नातक की अंकतालिकाएं एवं प्रमाणपत्र, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्र तथा अंकतालिकाएं जमा करनी होंगी। आरक्षित वर्ग और ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के निर्धारित प्रारूप में प्रमाणपत्र देना होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

नौकरी कर रहे अभ्यर्थियों को, जहां लागू हो, वर्तमान नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देना होगा। निर्धारित श्रेणी में आवेदन करने वालों के लिए आवश्यकतानुसार कम से कम दस वर्ष के अनुभव का प्रमाणपत्र भी मांगा गया है। इसके अलावा, पहचान पत्र, हाल की दो पासपोर्ट आकार की तस्वीरें और निर्धारित प्रारूप में 2,000 से 3,000 शब्दों का शोध प्रस्ताव या सारांश जमा करना अनिवार्य है।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड करें आवेदन पत्र

अभ्यर्थी इलाहाबाद विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आवेदन पत्र का सीधा लिंक:

[https://allduniv.ac.in/public/forms/1620895489dphil-form.pdf](https://allduniv.ac.in/public/forms/1620895489dphil-form.pdf)

विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले प्रवेश संबंधी सूचना और पात्रता की शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करना होगा। शोध अभिरुचि परीक्षा (आरएटी) की तारीख विभाग की ओर से बाद में घोषित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल