रोगाणुरोधी हल्दी अब लड़ाकू विमानों और अंतरिक्ष वाहनों में तापमान को कर रही नियंत्रित : अरविंद कुमार सक्सेना
डीआरडीओ के पूर्व निदेशक प्रो. अरविंद कुमार सक्सेना ने बताया, हल्दी से रोगाणुरोधी पदार्थ, विशेष पॉलिमर से बनेंगे नियंत्रित उर्वरक और अत्यधिक ताप सहने वाले रक्षा उपकरण
प्रयागराज, 11 नवंबर (हि.स.)। रसोई में इस्तेमाल होने वाली हल्दी से रोगाणुओं से बचाव करने वाले विशेष पदार्थ तैयार किए जा सकते हैं, वहीं रसायन विज्ञान की मदद से ऐसे उन्नत पॉलिमर विकसित किए जा रहे हैं, जो फसलों को धीरे-धीरे जरूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराने में सहायक हो सकते हैं। यही नहीं, विशेष रासायनिक पदार्थों से ऐसे सिरेमिक रेशे और मजबूत सामग्री भी तैयार की जा रही है, जो लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और अंतरिक्ष वाहनों में पैदा होने वाले अत्यधिक तापमान को सहन कर सकती है। रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (डीएमएसआरडीई), कानपुर के पूर्व निदेशक एवं उत्कृष्ट वैज्ञानिक प्रो. अरविंद कुमार सक्सेना ने बुधवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित ऑनलाइन पुनश्चर्या पाठ्यक्रम में यह जानकारी दी।
‘सतत विकास में बहुउपयोगी पदार्थों की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रो. सक्सेना ने कहा कि बढ़ते औद्योगीकरण, उपभोग और तकनीकी विकास के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में भविष्य का पदार्थ विज्ञान ऐसे पदार्थों के विकास पर केंद्रित होना चाहिए, जिनका एक से अधिक क्षेत्रों में उपयोग हो सके। साथ ही उनसे कम अपशिष्ट निकले और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी हो। उन्होंने कहा कि प्रकृति से मिलने वाले संसाधनों और आधुनिक रसायन विज्ञान के समन्वय से कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और रक्षा क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
व्याख्यान में उन्होंने रसोई में इस्तेमाल होने वाली हल्दी के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी। बताया कि हल्दी में पाए जाने वाले पीले तत्व करक्यूमिन को साइट्रिक अम्ल और ग्लिसरॉल की सहायता से मिलाकर विशेष रोगाणुरोधी पॉलिमर तैयार किया गया है। यह पदार्थ पानी और अल्कोहल में घुलनशील है। इसका उपयोग त्वचा की सुरक्षा, स्वच्छता संबंधी उत्पादों और सेंसर तकनीक में किए जाने की संभावनाएं हैं। इससे स्पष्ट होता है कि सामान्य प्राकृतिक पदार्थों का वैज्ञानिक उपयोग करके भी आधुनिक तकनीक के लिए उपयोगी सामग्री तैयार की जा सकती है।
किसानों के लिए उपयोगी होंगे विशेष पॉलिमर
प्रो. सक्सेना ने बताया कि पॉलीफॉस्फाजीन नामक विशेष पॉलिमर कृषि क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकते हैं। इनमें फॉस्फोरस और नाइट्रोजन जैसे तत्व मौजूद होते हैं। इनके कुछ जैव-अवक्रमणीय रूप धीरे-धीरे टूटकर फॉस्फेट और अमोनियम युक्त पदार्थ उत्पन्न कर सकते हैं। इससे पौधों को उनकी जरूरत के अनुसार पोषक तत्व उपलब्ध कराने की संभावना है। भविष्य में ऐसी तकनीक से उर्वरकों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा और मिट्टी तथा पर्यावरण में पोषक तत्वों की अनावश्यक हानि कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, खेतों में इनके इस्तेमाल से पहले मिट्टी, फसलों और पर्यावरण पर इनके प्रभाव का परीक्षण जरूरी होगा।
लड़ाकू विमानों और मिसाइलों में भी होगा उपयोग
रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक में रसायन विज्ञान की भूमिका बताते हुए उन्होंने पॉलीकार्बोसिलेन पॉलिमर की जानकारी दी। इसे विशेष तापीय प्रक्रिया से सिलिकॉन कार्बाइड के रेशों, सिरेमिक पदार्थों और उन्नत मिश्रित सामग्रियों में बदला जा सकता है। इनमें अत्यधिक तापमान सहने, मजबूती बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता होती है। इनका उपयोग लड़ाकू विमानों, मिसाइलों, अंतरिक्ष उपकरणों और ताप से सुरक्षा देने वाली प्रणालियों में किया जा सकता है।
उन्होंने जिरकोनियम डाइबोराइड और सिलिकॉन कार्बाइड से तैयार अत्यधिक तापरोधी सिरेमिक पदार्थों के बारे में भी बताया। ये पदार्थ तेज गति से चलने वाले अंतरिक्ष एवं रक्षा वाहनों के उन हिस्सों की सुरक्षा में उपयोगी हो सकते हैं, जिन्हें अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ता है। सिलिकॉन कार्बाइड सिरेमिक रेशों के निर्माण से जुड़े अपने पेटेंट शोध कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वदेशी रक्षा तकनीक के विकास में ऐसे पदार्थों के महत्व को रेखांकित किया।
अग्निरोधी कपड़े और चिकित्सा में भी संभावनाएं
प्रो. सक्सेना ने बताया कि पॉलीफॉस्फाजीन को कुछ विशेष पॉलिमर के साथ मिलाकर उनकी ज्वलनशीलता कम की जा सकती है। इससे अग्निरोधी कपड़े, औद्योगिक सुरक्षा सामग्री और रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाले विशेष उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं बढ़ती हैं। इसके अलावा कुछ जैव-संगत और जैव-अवक्रमणीय पॉलिमर का उपयोग नियंत्रित औषधि वितरण तथा ऊतक अभियांत्रिकी जैसे चिकित्सा क्षेत्रों में भी अध्ययन किया जा रहा है।
दिन के अन्य व्याख्यानों में डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. एपी मिश्रा ने भारतीय ज्ञान परंपरा के वैज्ञानिक पक्ष तथा रसायन विज्ञान और स्वास्थ्य विज्ञान में उसके महत्व पर विचार रखे। एनआईटी वारंगल के सेवानिवृत्त प्रोफेसर वी. राजेश्वर राव ने हरित कार्बनिक रसायन विज्ञान और आधुनिक संश्लेषण विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन विधियों से रासायनिक प्रक्रियाओं में लगने वाले संसाधनों और अपशिष्ट को कम किया जा सकता है। कलिंगा विश्वविद्यालय, रायपुर की प्रो. संयोगिता शाही ने महिला स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता में रसायन विज्ञान की भूमिका पर प्रकाश डाला।
‘केमिस्ट्री फॉर लाइफ एंड सस्टेनेबल एम्पावरमेंट’ विषय पर आयोजित इस ऑनलाइन पुनश्चर्या पाठ्यक्रम का संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग और यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव और पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विष्णु पी. श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में देश के 19 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों के 265 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
व्याख्यान में यह बात सामने आई कि आधुनिक रसायन विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से खेती को अधिक उपयोगी बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने, सैनिकों की सुरक्षा, स्वदेशी रक्षा तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के लिए नए समाधान विकसित किए जा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल