नौजवान डिग्रियां लेकर घूम रहे, रोजगार नहीं; सरकार स्कूल बंद कर शराब की दुकानें खुलवा रही : चंद्रशेखर आजाद

 


फूलपुर की जनसभा में सांसद ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, 2027 में सत्ता से हटाने का किया दावा

प्रयागराज, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नौजवान डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार युवाओं को नौकरी देने के बजाय स्कूल बंद करा रही है और शराब की दुकानें खुलवा रही है। इससे युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं। उक्त बातें सोमवार को प्रयागराज के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के भुलई का पूरा गांव में आयोजित आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कही।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध और सरकारी नौकरियों में अवसरों की कमी से युवा परेशान हैं। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेगी।

इससे पूर्व सांसद चंद्रशेखर आजाद काफिले के साथ सभा स्थल पर पहुंचे। वहां पार्टी नेताओं और भीम आर्मी के समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किया।

उन्होंने कहा कि सरकार गुंडों के पलायन का दावा करती है, लेकिन प्रदेश में अपराध और गुंडागर्दी जारी है। अधिकारियों को भी सरकार के हिसाब से काम करना पड़ता है। उन्होंने बिना नाम लिए राजा भैया पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार माफिया को हटाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर एक व्यक्ति खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है। उसे रोकने वाला कोई नहीं है।

नौकरियों और सामाजिक न्याय का उठाया मुद्दा

सांसद ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों के अवसर सीमित किए गए हैं और निजी क्षेत्र में भी अपने लोगों को भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आबादी के बड़े हिस्से को उसका अधिकार नहीं मिल रहा है। यह संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने संविधान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि आज उन्हें मंच से अपने समाज के बीच विचार रखने का अधिकार भारतीय संविधान से मिला है। संविधान के निर्माण में दो वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे। डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने इसके लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में सुधार का वादा

चंद्रशेखर आजाद ने पुलिसकर्मियों की कार्यस्थितियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आठ घंटे की ड्यूटी के बाद उन्हें छुट्टी मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने परिवार के साथ समय बिता सकें। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को छुट्टी नहीं मिलने की समस्या का भी जिक्र किया। कहा कि उनकी सरकार बनने पर पुलिस व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और पुलिसकर्मियों को गृह जनपद में तैनाती दिलाने का प्रयास होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उनके लिए गोली खाने को भी तैयार हैं।

पंचायत चुनाव को लेकर भी सरकार पर हमला

सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे अपनी हार का डर है। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर अंधविश्वास को बढ़ावा देना उचित नहीं है। प्रदेश के कई शहरों में जलभराव का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी तय होने का दावा

जनसभा में पार्टी नेताओं ने प्रयागराज की फूलपुर, करछना और कोरांव विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय होने का दावा किया। हालांकि, उन्होंने नामों की सार्वजनिक घोषणा नहीं की। नेताओं ने कहा कि आजाद समाज पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के साथ सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने यह भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार गठन के लिए उनकी पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

प्रयागराज के प्रभारी, विधानसभा प्रभारी एवं फूलपुर विधानसभा प्रत्याशी शहीद अख्तर खान ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगार युवा डिग्रियां लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं और प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल