अपना दल कमेरावादी के सहयोग से बनेगी प्रदेश की अगली सरकार : डॉ. पल्लवी पटेल
कृष्णा पटेल बोलीं- वंचितों की भागीदारी के साथ सत्ता परिवर्तन कर व्यवस्था बदलना लक्ष्य स्थापना दिवस पर जनसभा में जुटे कार्यकर्ता
प्रयागराज, 04 नवंबर (हि.स.)। अपना दल कमेरावादी के सहयोग से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में अगली सरकार बनेगी। पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे जनहित के मुद्दों पर संघर्ष किया है। अब मजबूत विपक्षी एकता के साथ भाजपा सरकार को हटाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह बातें सिराथू की विधायक और पार्टी की शीर्ष नेता डॉ. पल्लवी पटेल ने बुधवार को कहीं। वह अपना दल कमेरावादी के स्थापना दिवस पर अपोली बाग स्थित पटेल संस्थान के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में मुद्दों को लेकर आंदोलन और संघर्ष किया है। जनता के जायज सवालों को प्रमुखता से उठाया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के सवाल पर व्यापक जन अभियान चलाए गए हैं। इन प्रयासों से पार्टी के प्रति प्रदेश की जनता की उम्मीदें बढ़ी हैं। पिछले वर्षों में संगठन को मजबूत बनाया गया है और सत्ता के खिलाफ संघर्ष जारी रखा गया है। अब समय आ गया है कि विपक्षी दल एकजुट होकर वर्तमान भाजपा सरकार को हटाने के लिए प्रयास करें। आगामी विधानसभा चुनाव में अपना दल कमेरावादी की अहम भूमिका होगी।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि वंचितों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सत्ता परिवर्तन करना कमेरावादियों का लक्ष्य है। कमेरा समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार बदलने के साथ व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई आगे बढ़ानी होगी। उनका उद्देश्य ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें सभी को बिना भेदभाव समान अवसर मिलें और वंचित कमेरा समाज को उसका उचित हिस्सा मिल सके।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जनसभा में सुबह 11 बजे से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटने लगे। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की ताकत और एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल का स्थानीय जिलाध्यक्ष रमेश पटेल एडवोकेट, प्रेमचंद्र पटेल और अभय राज ने शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। महिला जिलाध्यक्ष कु. अंतिमा, दुर्गेश देवी और रेशमा बिंद ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने किया। जनसभा को राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद हफीज मोबिन, प्रोफेसर गंगाराम यादव, आनंद हीराराम, उदल राजभर, साधना साहू, अजय पटेल, दिलीप पटेल एडवोकेट, रामशिला पटेल, राजेश प्रधान, मो. अबरार, राय अखिलेश सिंह, कुंवर अभिजय पटेल, महेंद्र प्रताप मौर्य, मयंक पटेल और कुलदीप पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल