एआई और उभरती तकनीकें शिक्षण व्यवस्था को बना रही हैं अधिक प्रभावी और विद्यार्थी केंद्रित : डॉ. रुचि द्विवेदी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में संकाय विकास कार्यक्रम के दूसरे दिन शिक्षकों को डिजिटल तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की दी जानकारी
प्रयागराज, 26 नवंबर (हि.स.)। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संवादपरक और विद्यार्थी केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनके सार्थक और विवेकपूर्ण उपयोग से कक्षाओं को अधिक रोचक बनाने के साथ विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। यह बातें एनसीईआरटी के केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान की सहायक आचार्य डॉ. रुचि द्विवेदी ने कहीं। वह गुरुवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग और एनसीईआरटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संकाय विकास कार्यक्रम के दूसरे दिन तकनीकी सत्रों को संबोधित कर रही थीं।
शिक्षकों, शिक्षक-शिक्षकों एवं छात्र-अध्यापकों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का विषय 'शिक्षकों, शिक्षक-शिक्षकों एवं छात्र-अध्यापकों के लिए आईसीटी एवं उभरती प्रौद्योगिकियां' है।
पहले तकनीकी सत्र में डॉ. रुचि द्विवेदी ने शिक्षण और अधिगम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से शिक्षण को अधिक समृद्ध और प्रभावशाली बनाया जा सकता है। इससे शैक्षिक नवाचार, सहभागितापूर्ण पढ़ाई और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने शिक्षकों को कक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों में एआई का उद्देश्यपूर्ण एवं उचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
चौथे तकनीकी सत्र में उन्होंने आईसीटी और उभरती तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक पारंपरिक कक्षाओं को अधिक सक्रिय, संवादपरक और विद्यार्थी केंद्रित बना सकती है। इसके लिए उन्होंने शैक्षिक सामग्री तैयार करने, समूह में सीखने, विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और मूल्यांकन करने से जुड़े विभिन्न डिजिटल साधनों का व्यावहारिक परिचय कराया। लाइव गतिविधियों, प्रश्नों और चर्चाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को इन तकनीकों के उपयोग का अभ्यास भी कराया।
उन्होंने कहा कि आईसीटी का उपयोग केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा की शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाना जरूरी है। एआई और डिजिटल तकनीकों का सही तालमेल शिक्षा को अधिक नवाचारी, समावेशी और प्रभावी बना सकता है।
पहले सत्र में सुमित चौहान ने विशेषज्ञ वक्ता का परिचय कराया और अंत में आभार जताया। चौथे सत्र में वैशाली द्विवेदी ने वक्ता का परिचय दिया तथा समापन पर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए एनसीईआरटी, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल