एमएनएनआईटी में छात्रा से दुष्कर्म के आरोप पर अभाविप ने सौंपा ज्ञापन

 




-आरोपित प्रोफेसर निलंबित, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग

प्रयागराज, 11 अगस्त (हि.स.)। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज में एक छात्रा द्वारा प्रोफेसर पर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने संस्थान प्रशासन से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। मंगलवार को अभाविप प्रयाग महानगर के कार्यकर्ताओं ने प्रांत सहमंत्री निवेदिता मिश्रा के नेतृत्व में संस्थान के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद आरोपित प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया।

अभाविप ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित प्रोफेसर को तत्काल निलंबित करने की मांग की थी, ताकि जांच के दौरान किसी तरह का दबाव या प्रभाव न पड़ सके।

अभाविप प्रयाग महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा कि एमएनएनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपित प्रोफेसर का निलंबन जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम है। अब पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। जांच के निष्कर्ष के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

अभाविप की प्रमुख मांगेंअभाविप ने मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने, जांच को किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रखने तथा छात्रा की पहचान और निजता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने संस्थान प्रशासन से मामले की जांच और अब तक की कार्रवाई की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करने को भी कहा है। इसके साथ ही संस्थान में छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन देने के दौरान अभिनव पांडे, अमन शुक्ला, अंबुज शुक्ला, सूर्य प्रकाश और शांतनु मिश्रा सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल