शहर की ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराएगी लायंस इंटरनेशनल की कार रैली, 30 से अधिक कारें लेंगी हिस्सा
15 नवंबर को कार रैली के साथ ट्रेजर हंट और टैलेंट हंट का भी होगा आयोजन, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया दिखाएंगे हरी झंडी
प्रयागराज, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रयागराज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से लायंस इंटरनेशनल की ओर से 15 नवंबर को कार रैली, ट्रेजर हंट और टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से शहर की ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी देने के साथ लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। प्रतियोगिता में 30 से अधिक कारें शामिल होंगी। यह जानकारी शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंडलाध्यक्ष लायन उदय चंदानी और कार्यक्रम चेयरपर्सन लायन रीता बीर ने दी।
उन्होंने बताया कि लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-E की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मनोरंजन के साथ प्रयागराज की गौरवशाली विरासत, इतिहास और संस्कृति से आम नागरिकों को जोड़ना है। प्रतियोगिता में प्रत्येक कार में लायंस क्लब के दो सदस्य सवार होंगे। प्रतिभागियों को शहर के विभिन्न ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण स्थलों से जुड़े संकेत एवं पहेलियां दी जाएंगी। उन्हें इन संकेतों के आधार पर निर्धारित स्थानों तक पहुंचना होगा। इसके लिए तीन अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं, जिनमें कुल 12 स्थान शामिल होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह आठ बजे गुलाटी भवन के पास से होगा। मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया हरी झंडी दिखाकर कार रैली को रवाना करेंगे। विभिन्न पड़ावों को पूरा करने के बाद सभी प्रतिभागी गुलाटी गेस्ट हाउस, चैथम लाइंस पहुंचेंगे। यहां पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम और सबसे अधिक सुसज्जित कार सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। कार रैली और ट्रेजर हंट के साथ टैलेंट हंट प्रतियोगिता भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।
मंडलाध्यक्ष लायन उदय चंदानी ने कहा कि लायंस इंटरनेशनल सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के लिए विश्वभर में अपनी पहचान रखता है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ शहर की ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
पत्रकार वार्ता में उपमंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़ और कार्यक्रम चेयरपर्सन लायन रीता बीर ने बताया कि आयोजन को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल, मेयर अजय अवस्थी, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, रीजन चेयरपर्सन अनूप सिंह और हंगर चेयरपर्सन धीरेंद्र शंकर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी आयोजन की जानकारी साझा की। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल