शिव महापुराण कथा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर
14 से 20 अगस्त तक होगा 11 हजार पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण और रुद्राभिषेक
प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पहले गुरुवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और आस्था एवं भक्ति का वातावरण बना रहा। मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि 14 से 20 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह आठ से 11 बजे तक नि:शुल्क 11 हजार पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण और रुद्राभिषेक कराया जाएगा। यह आयोजन पूज्य आचार्य संतानंद जी महाराज के सानिध्य में होगा।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं और अन्य श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भगवान शिव के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए थे। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा और आचार्य संतानंद जी महाराज का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई।
कलश यात्रा के दौरान पूरा नगर शिवमय नजर आया। भगवान शिव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। भक्ति और आस्था से सराबोर इस यात्रा ने शिव महापुराण कथा के आयोजन का माहौल और भी भक्तिमय बना दिया।
आयोजकों ने बताया कि 14 से 20 अगस्त तक होने वाले पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक कार्यक्रम में श्रद्धालु नि:शुल्क शामिल हो सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान शिव की आराधना और धार्मिक अनुष्ठान से जोड़ना है।
कलश यात्रा में कर्तव्य पथ ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पार्षद नीरज गुप्ता, राजेंद्र केसरवानी, कुमार नारायण, सुमित केसरवानी, सतीश केसरवानी, शैलेंद्र केसरवानी, दिलीप केसरवानी, पूर्व पार्षद रामबाबू केसरवानी, सत्या जायसवाल, विनोद सोनकर, निखिल केसरवानी, रंजीत केसरवानी, जयश्री केसरवानी, उर्मिला केसरवानी, जयश्री जायसवाल, रेनू केसरवानी, साधना, रुचि गुप्ता और नीलिमा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल