श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता : रजनीश अग्रवाल

 


माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रयागराज मंडल में पहली आंतरिक समीक्षा बैठक

प्रयागराज, 31 जुलाई (हि.स.)। आगामी माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के संकल्प सभागार में पहली आंतरिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेला अवधि के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभागवार कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में संभावित यात्री भीड़, प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन, विशेष मेला ट्रेनों के संचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, बहुभाषी उद्घोषणा और संचार व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर विभागवार कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें संभावित यात्री भार के साथ विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय की समीक्षा की गई।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन, नैनी, प्रयागराज छिवकी और सूबेदारगंज सहित प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी यात्री आश्रय, अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन, दिशा-सूचक संकेतक, बहुभाषी उद्घोषणा, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा सहायता केंद्र, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को भी मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रेलवे मेला प्रशासन और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के साथ समयबद्ध समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।

माघ मेला-2027 का आयोजन 15 जनवरी से 6 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है। इस दौरान मकर संक्रांति 15 जनवरी, पौष पूर्णिमा 22 जनवरी, मौनी अमावस्या 6 फरवरी, बसंत पंचमी 11 फरवरी, माघी पूर्णिमा 20 फरवरी और महाशिवरात्रि 6 मार्च प्रमुख स्नान पर्व होंगे। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि माघ मेला-2026 के अनुभवों का उपयोग करते हुए इस बार पहले से बेहतर तैयारी की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, बेहतर आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

अमित कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक ने कहा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराना प्रयागराज मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि माघ मेला के दौरान यात्रियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं मिल सकें। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल